Budaun News: उसहैत में एक सप्ताह में चार बच्चों की मौत, लोग बोले- खसरे की चपेट में आ रहे मासूम
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां खसरा एक सप्ताह से फैला हुआ है। तब से लगातार एक-एक करके बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। अब यह खसरा कई मोहल्लों में फैल चुका है।
विस्तार
बदायूं के उसहैत कस्बे के कई वार्डों में खसरा फैल गया है। कई बच्चे इसकी चपेट में हैं। बीते एक सप्ताह में चार बच्चों की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी है, लेकिन अब तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां खसरा एक सप्ताह से फैला हुआ है। तब से लगातार एक-एक करके बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। अब यह खसरा कई मोहल्लों में फैल चुका है। हालात यह हैं कि एक घर में कई-कई बच्चे पीड़ित हैं। इसकी चपेट में आने से कस्बे के वार्ड नंबर दो निवासी तीन वर्षीय शबनूर पुत्री खुशनूर, दो वर्षीय अलशिफा पुत्री मुश्ताक, वार्ड नंबर चार निवासी चार वर्षीय गुलशेर और वार्ड नंबर आठ निवासी चार वर्षीय खुशबू की मौत हो चुकी है।
कई बच्चे हैं बीमार
उसके अलावा चार वर्षीय मुस्तफा पुत्र मियां जान, तीन वर्षीय हसन अली पुत्र सानू, तीन वर्षीय अलीशान और चार वर्षीय आरिफ पुत्रगण नबी हसन, चार वर्षीय गुलनार पुत्री जावेद हुसैन, तीन वर्षीय हुस्नबानो पुत्री साबिर, चार वर्षीय आफरीन पुत्री समसुद्दीन समेत तमाम बच्चे खसरा की चपेट में आ चुके हैं और कई बच्चे जिंदगी के लिए मौत से जूझ रहे हैं।
बताते हैं कि इस संबंध में स्थानीय लोगों ने पूर्व चेयरमैन गौरव कुमार गुप्ता को इसकी जानकारी दी थी, जिस पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन करके बताया। बावजूद इसके कोई भी अधिकारी कस्बे में नहीं पहुंचा है और न ही इस पर ध्यान दिया गया है, जिससे कस्बे के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। लगातार बच्चे खसरा की चपेट में आ रहे हैं।
सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि उसहैत कस्बे में हमारी टीम शुक्रवार को गई थी, लेकिन कोई बच्चा खसरा से पीड़ित नहीं मिला। अगर कोई खसरा से मृत्यु बता रहा है तो गलत बता रहा है। हमारी टीम शनिवार को भी जाएगी और इसके बारे में पता करेगी। मैं स्वयं भी कस्बे में जाकर इसकी जांच करूंगा।