सावन की शिवरात्रि : यूपी के इस जिले में आज बंद रहेंगे कक्षा 12 तक के स्कूल, डीएम का आदेश; रूट डायवर्जन लागू
बदायूं जिले में सावन की शिवरात्रि पर बुधवार को कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। डीआईओएस ने बताया कि 12वीं तक के सभी बोर्ड के छात्र-छात्राओं का अवकाश रहेगा, लेकिन शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे।
विस्तार
सावन की शिवरात्रि पर 23 जुलाई को बदायूं जिले में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार को 12वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह आदेश परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक के सभी बोर्ड के छात्र-छात्राओं का अवकाश रहेगा, लेकिन शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। सभी विद्यालयों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: अवैध कॉलोनी पर चला बीडीए का बुलडोजर, तीन भवनों को किया सील, कार्रवाई से मची खलबली
सावन के दूसरे सोमवार के बाद शिवरात्रि बुधवार को मनाई जाएगी। इसलिए पहले की तरह ही रूट डायवर्जन अब तक बुधवार तक लागू रहेगा। शहर के अंदर से फर्रुखाबाद, दातागंज होकर शाहजहांपुर, उसावां, अलापुर को जाने वाले भारी वाहनों को पटेल चौक पर बुधवार रात आठ बजे तक रोके जाने का आदेश दिया है।
ऐसा रहेगा डायवर्जन प्लान
- शाहजहांपुर से अलीगढ़ को जाने वाले वाहन बिसौली-सहसवान बायां नरौरा होकर जाएंगे।
- बरेली से कासगंज को जाने वाले वाहन बिसौली-सहसवान वाया अलीगढ़ होते हुए जाएंगे।
- मुरादाबाद से कासगंज को जाने वाले वाहन बिसौली-सहसवान बायां अलीगढ़ होते हुए जाएंगे।
- मुरादाबाद से शाहजहांपुर को जाने वाले वाहन बिसौली बायां म्याऊं-उसावां होते हुए जाएंगे।
- कासगंज से शाहजहांपुर को जाने वाले वाहन दातागंज से उसावां होते निकाले जाएंगे।
- बरेली को जाने वाली रोडवेज बस व अन्य हल्के वाहन नवादा चौकी से कुंवरगांव होते हुए जाएंगे।
- बदायूं से शाहजहांपुर जाने वाली रोडवेज बस व वाहन दातागंज तिराहा से जलालाबाद होते हुए जाएंगे।
- बदायूं शहर से जाने वाले वाहन जालंधरी सराय रोड से शेखूपुर-कादरचौक होते जाएंगे।
शिवालयों में गूंजेंगे हर-हर महादेव के जयकारे
शिवरात्रि को लेकर मंदिरों की तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया है। बुधवार सुबह से ही सभी शिवालयों में बम बम भोले और हर हर महादेव के जयकारे लगेंगे। जिले के सरह बरौलिया में विशाल मेले का आयोजन होगा। इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
शिवरात्रि को लेकर मंदिरों में एक सप्ताह से तैयारी चल रही थी। रंगाई-पुताई के साथ अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। शहर के बिरुआबाड़ी मंदिर में तो हर सोमवार को भीड़ लग रही है, लेकिन शिवरात्रि के चलते कांवड़ियों की भीड़ अधिक रहेगी। यहां पर बैरिकेडिंग की गई और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मंदिर कमेटी के लोग भक्तों की सेवा में रहेंगे।
इसी तरह शहर के लाला हरप्रसाद मंदिर, गौरी शंकर, नगला मंदिर, रघुनाथ मंदिर आदि मंदिरों में तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया है। सभी मंदिरों के पट सुबह चार बजे ही खोल दिए जाएंगे। इसी के साथ सरह बरौलिया गांव में मेले का आयोजन किया जाएगा।