Budaun News: कछला घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब, ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
बदायूं में ज्येष्ठ पूर्णिमा पर रविवार को कछला घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। इस दौरान जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। घाट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात था।
विस्तार
बदायूं में ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर मौजूद पुलिस बल, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा कानून व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्नान के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न होने पाए तथा घाट पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और वाहनों की सुचारु पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
घाट क्षेत्र में तैनात रहा अतिरिक्त पुलिस बल
प्रशासन द्वारा घाट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी और अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर कछला गंगा घाट पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और श्रद्धालु श्रद्धा एवं आस्था के साथ गंगा स्नान करते रहे। प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न होता नजर आया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।