महाशिवरात्रि: बदायूं में हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय, शिवभक्तों ने गंगाजल से किया अभिषेक
महाशिवरात्रि पर बदायूं में रविवार को शहर से लेकर देहात तक शिवभक्ति का उल्लास छाया रहा। तड़के से ही शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार लग गई। भक्तों ने गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में महादेव की आराधना का पर्व महाशिवरात्रि रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक के शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही शिव भक्तों का मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गया। दोपहर तक भक्तों का मंदिरों में आने जाने का क्रम जारी रहा।
कछला घाट पर गंगा स्नान करने वालों की भारी भीड़ रही। कांवड़ियों ने गंगा से जल भरा और शिवालयों के लिए रवाना हुए। महाशिवरात्रि पर जिले के 142 शिवालयों में रविवार तड़के से जलाभिषेक शुरू हुआ। कई मंदिरों में दोपहर तक कतार लगी रही। जिले के विभिन्न मंदिरों में मेले का आयोजन भी किया गया। शहर के बिरुआबाड़ी, हरप्रसाद, गौरी शंकर, नगला मंदिर, रघुनाथ मंदिर आदि समेत देहात के बाबा खाटू श्याम धाम मंदिर, बाबा ब्रह्मदेव मंदिर, ग्राम देवता मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समेत सभी मंदिरों के द्वार आधी रात के बाद ही खोल दिए गए।
मंदिरों में लगी रही कतार
भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन किए और शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद, घी चढ़ाकर अभिषेक किया। भगवान शिव को प्रिय भांग, धतूरा, बेलपत्र, फूल चढ़ाया। धूपबत्ती और घी के दीपक जलाकर आरती उतारी गई। मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मंदिरों में विशेष रूप से रुद्राभिषेक भी किया गया। सोई गांव स्थित मंदिर पर रात तीन बजे से श्रद्धालुओं की कतार लग गई। ग्रामीण क्षेत्रों व आसपास के जनपदों से श्रद्धालु शिवलिंग का अभिषेक करने के लिए पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
उघैती के गांव शरह बरौलिया में प्राचीन शिव मंदिर में कांवड़ियों की टोली ने गंगाजल से अभिषेक किया। इस धाम पर पहले दिन मेला शुरू हुआ। उसमें खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ी। महंत सोहनदास ने बताया कि यह प्राचीन शिव मंदिर है, जिससे कई गांवों की आस्था है।
कुंवरगांव के शिवमंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। सुबह से ही नगर व ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जल और वेल पत्र व दूध चढ़ाकर अभिषेक किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।