बदायूं। विदेश भेजने का झांसा देकर तीन लोगों से 2.36 लाख रुपये की ठगी हुई थी। साइबर क्राइम पुलिस ने 68,742 रुपये को बैंक में फ्रीज कराते हुए 31 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित को वापस कराई है।
23 जनवरी 2025 को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडसारी के रहने वाले मोहम्मद अफजल अजीज ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उनका संपर्क हाशिम निवासी ओम कालेश्वर थाना आदमपुर जिला वाराणसी से व्हाट्सएप पर हुआ है। हाशिम ने उनसे मोबाइल पर बातचीत शुरू कर दी। बातचीत में हाशिम ने बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। अफजल ने उस पर विश्वास करते हुए अपनी बहन के देवर सलीम निवासी मोहल्ला मौलवी टोला जिला बदायूं से उसकी बात कराई, जिसके बाद हाशिम और सलीम के बीच 1.10 लाख रुपये में विदेश भेजे जाने का सौदा तय हो गया। इसके बाद हाशिम ने सलीम से कहा कि वह दो लोगों का और इंतजाम विदेश भेजने के लिए करा दे। इस पर सलीम ने अपने परिचित जुबैर निवासी मोहल्ला सोथा तथा शोएब निवासी मोहल्ला हकीमगंज को भी विदेश जाने के लिए राजी कर लिया। तीनों का सौदा 2.36 लाख रुपये में तय हुआ। रुपये की ठगी का मामला तब सामने आया जब उन्हें विदेश नहीं भेजा। ठग ने उसके बाद मोबाइल ही बंद कर लिया। पुलिस ने खाते को फ्रीज करके 68,742 रुपये बचा लिए। बृहस्पतिवार को 31 हजार रुपये पीड़ित को वापस कराए गए हैं। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह व साइबर थाना प्रभारी विनोद वर्धन ने उसको थाने बुलाकर रुपये वापस किए हैं।