उझानी (बदायूं)। हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार को हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन महोत्सव का शुभारंभ हो गया। पहले दिन मंत्रोच्चर के बीच हवन में आहुतियां अर्पित की गईं। महोत्सव 11 दिन तक चलेगा।
महोत्सव पूर्वाह्न शुरू हुआ। मुख्य यजमान डॉ. पीके गोयल और अवधेश गोयल ने पूजन कराया। ब्राह्मणों की पांच सदस्यीय टोली में शामिल आचार्य प्रवीण शर्मा ने मंत्रोच्चार किया। पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, सपा नेता रजनीश गुप्ता, किशन चंद्र शर्मा, गिरीशचंद्र वार्ष्णेय और पुरुषोत्तम दास ने आहुतियां अर्पित करते हुए लोक कल्याण की कामना की। इससे पहले श्री राधाकृष्ण, देवी और देवताओं की मूर्तियों का शृंगार किया गया। मंदिर को भी सजाया गया। महिलाओं ने भजन सुनाए। संकीर्तन में भी भक्तों की खासी भीड़ रही। आयोजक अवधेश गोयल ने बताया कि महोत्सव 11 दिन तक चलेगा। प्रत्येक दिन धार्मिक कार्यक्रम होंगे। संकीर्तन भी चलता रहेगा। हरे राम-हरे कृष्ण का जाप किया जाएगा। पहले दिन पूजन और आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर डॉ. एके गोयल, मुरली मनोहर सिंघल, राममोहन शर्मा, गोपाल शर्मा, ओमप्रकाश पाली बाबू, राकेश खंडूजा आदि मौजूद थे।