उधार में कोल्डड्रिंक न देने पर दो पक्ष भिड़े, फायरिंग
उधार पर कोल्ड ड्रिंक न देने पर भूड़ा बिसौली गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुई। इसमें करीब कई लोग घायल हो गए। झगड़े के दौरान फायरिंग भी की गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। फैजगंज थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा बिसौली के रहने वाले कमाल का बेटा बुधवार देर शाम गांव के शादाब की दुकान पर उधार में कोल्ड ड्रिंक लेने गया था। मगर दुकानदार शादाब ने उधार देने से इंकार कर दिया। इस पर कमाल पक्ष के कई लोग इकट्ठे होकर दुकान पर जा पहुंचे और शादाब पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर शादाब पक्ष के लोग भी पहुंच गए। फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और ईंट, पत्थर चले। इस बीच फायरिंग भी की गई। इसमें गोली लगने से गांव का ही नदीम घायल हो गया। फायरिंग होने से गांव में भगदड़ मच गई। झगड़ने की सूचना मिलने पर एसओ फैजगंज बेहटा पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस को आते देख हमलावर पक्ष के लोग भाग गए। मारपीट और पथराव में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। बिसौली सीओ निर्मल सिंह बिष्ट ने बताया कि कमाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।