हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। परिवार वालों को सूचना दिए बगैर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था जिससे पुलिस के खिलाफ लोगों में गुस्सा भरा था। परिजनोें के साथ आसपास लोग प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान एक सिपाही ने एक प्रदर्शनकारी लड़की को पीट दिया जिसके बाद बवाल बढ़ गया। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर पेड़ डालकर भीड़ ने जाम लगा दिया और यूपी-100 टीम को पथराव कर दौड़ा दिया। पथराव में दरोगा सुरेंद्र सिंह, सिपाही संजय कुमार समेत छह लोग घायल हो गए। सीओ की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। एसपी देहात भी मौके पर पहुंच गए और समझाने की कोशिश की तो लोगों ने शव देने की मांग की। परिजनों को पुलिस की गाड़ी से पोस्टमार्टम भेजा गया और मौके पर ही सीओ ने डीसीएम चालक के खिलाफ तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई तब लोग शांत हुए और पांच घंटे बाद जाम खुला। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर तीन-तीन किमी तक वाहनों की लाइन लग गईं।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव गनगोली निवासी दीपक (21) पुत्र ओमप्रकाश सोमवार को करीब 10.30 बजे बाइक से चंदौसी जा रहा था। उसका गांव मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। जैसे ही वह हाईवे पर पहुंचा वैसे ही विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दीपक को नाजुक हालत में बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया। जब घायल के घर वालों और गांव के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वह दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए। वहां पर सड़क पर खून और मांस के चिथड़े पड़े थे।
प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि दीपक के पिता ओमप्रकाश के साथ ही बहुत से लोग थाना फैजगंज बेहटा पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से घटना के बारे में जानकारी चाही। आरोप है कि एसओ रामनरेश माथुर ने उन लोगों को कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। कहा कि युवक मर चुका है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस के जवाब से नाराज लोग फिर दुर्घटना स्थल पर आ गए और जाम लगा दिया। जाम की खबर पर पुलिस वहां पहुंच गई। इतने में दीपक की संबंधी एक लड़की मंजू ने पुलिस से कुछ पूछा, जिस पर सिपाही ने उस पर हाथ छोड़ दिया। इस पर मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों ने यूपी 100 की टीम पर पथराव कर उन्हें दौड़ा दिया। उपद्रव काफी बढ़ गया। सूचना पर कोतवाली बिसौली, थाना फैजगंज बेहटा, बिल्सी, वजीरगंज, उझानी और बदायूं की पुलिस को बुला लिया गया। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ।