{"_id":"eda246731471aca7f613aa974490115e","slug":"booty-was-after-artisan-jewellery-killing-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लूट के बाद हुई थी ज्वैलरी कारीगर की हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लूट के बाद हुई थी ज्वैलरी कारीगर की हत्या
badaun
Updated Sun, 31 May 2015 11:45 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ज्वैलरी कारीगर की हत्या लूट के बाद की गई थी। रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही पुलिस ने हाईवे जाम होने के बाद अज्ञात हत्यारों के खिलाफ लूट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कारीगर के परिवार वालों ने पहले कोतवाली के सामने, बाद में लालपुल के पास हाईवे पर शव रख कर जाम लगाया। प्रभारी एसएसपी बालेंदुभूषण ने घटना का वर्क आउट 72 घंटे में करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुला और हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। पोस्टमार्टम में मौत की वजह हेड इंजरी बताई गई है।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला पटियाली सराय निवासी धर्मेंद्र वर्मा (42) पुत्र चंद्र प्रकाश ज्वैलरी कारीगर हैं। सर्राफा बाजार में गौरी शंकर मंदिर के पास उनकी दुकान है। शनिवार शाम वह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। उनके परिवार वालों को खबर मिली कि वह दरीबा मंदिर के पास गंभीर घायल अवस्था में पड़े हैं। परिवार वाले मौके पर पहुंचे। धर्मेंद्र को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उनको बरेली रेफर कर दिया गया था। रास्ते में धर्मेंद्र की मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि लूट के बाद उनकी हत्या की गई है। धर्मेंद्र के भाई जितेंद्र वर्मा ने लूट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
विज्ञापन
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद धर्मेंद्र के परिवार वालों ने शव कोतवाली के समाने रख कर जाम लगा दिया। पुलिस ने यहां समझा-बुझा कर जाम खुलवा दिया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय परिवार वालों ने लालपुल के पास हाईवे जाम कर दिया। प्रभारी एसएसपी बालेंदुभूषण सिंह, एसडीएम सदर प्रदीप यादव, सीओ सिटी आरएस धामा मौके पर पहुंचे। भरोसा दिया कि घटना का खुलासा 72 घंटे में कर दिया जाएगा। लोगों को समझा-बुझा कर जाम खुलवाया।
विज्ञापन
72 घंटे में कैसे होगा वर्कआउट?
बदायूं। अफसरों की प्राथमिकता किसी तरह से हाईवे पर यातायात सामान्य कराना था। ऐसे में वह हास्यास्पद दावा करने से भी नहीं चूके। ज्वैलरी कारीगर धर्मेंद्र वर्मा के परिवार वालों को आश्वासन दिया गया कि घटना का वर्क आउट 72 घंटे में कर दिया जाएगा। अब सवाल यह है कि वर्क आउट के मामलों में फिसड्डी कोतवाली पुलिस इस घटना का खुलासा कैसे करेगी।
कोतवाली क्षेत्र में क्राइम का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। आठ अप्रैल को ब्राह्मपुर मोहल्ले में रिटायर्ड इंजीनियर दंपति के शव घर में मिले थे। घटना को दो महीने होने का हैं, पुलिस के हाथ अब तक ठोस क्लू नहीं लगे हैं। बक्सा व्यापारी सुभाष शर्मा के हत्यारोपी पिता-पुत्र को एक महीने बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। कोतवाली क्षेत्र में हो रहीं सिलसिलेवार चोरियों ने पब्लिक की नींद उड़ा दी है। कोतवाली पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश के साथ इनका पर्दाफाश भी नहीं कर पा रही है। अब पुलिस ने ज्वैलरी कारीगर की लूट के बाद हत्या का वर्कआउट 72 घंटे में करने का दावा कर दिया है।
हादसा या हत्या, उलझी नजर आ रही कहानी
ज्वैलरी कारीगर की जान हादसे में गई या उसकी हत्या की गई। पूरी कहानी उलझी हुई नजर आ रही है। हत्या का कारण भी पुलिस तलाश नहीं कर पा रही है। परिवार वालों का भी कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। परिवार वालों का कहना है कि उनके बैग में सोने-चांदी के जेवर थे। यह लूट लिए गए। धर्मेंद्र वर्मा सोने-चांदी के जेवरों की मरम्मत का काम करते थे। पुलिस फिलहाल इसे हादसा मान रही है।
दरीबा मंदिर के पास जिस जगह पर धर्मेंद्र वर्मा गंभीर हालत में घायल पड़े थे वह इलाका शाम होते ही सुनसान हो जाता है। दुकान बंद करके वह इसी रास्ते से घर आया करते थे। उनके परिवार वाले जब मौके पर पहुंचे तो पास में ही धर्मेंद्र वर्मा का बैग पड़ा था। बैग में चाबियों के अलावा कुछ और नहीं था। अब सवाल यह उठता है कि अगर उनसे लूट हुई तो बदमाशों ने बैग वहां क्यों छोड़ा? घटना का वक्त शाम करीब 7.30 बजे था। इलाका घनी आबादी का है। पुलिस भी इस बात को मान रही है कि लूट के मामलों में बदमाश अक्सर पूरा बैग ले जाते हैं। यहां पर बदमाशों ने बैग खंगाला। उसमें से जेवर आदि ले गए। चाबियां और बैग मौके पर ही छोड़ दिया। पुलिस ने 72 घंटे में घटना का खुलासा करने की बात कही है, लेकिन कहानी हादसे और हत्या के बीच उलझी हुई नजर आ रही है।
ज्वैलरी कारीगर के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाली पुलिस को घटना का वर्क आउट 72 घंटे के भीतर करने का आदेश दिया है। जल्द सच सामने आ जाएगा।-बालेंदुभूषण सिंह, प्रभारी एसएसपी