बिसौली के दो गांवों में डाका गल्ला व्यापारी की हत्या
गिरोहबंद बदमाशों ने बिसौली के दो गांवों में 24 घंटे के अंदर दो वारदात कर पुलिस को चुनौती दी। शनिवार की रात बिसौली कोतवाली के दबतोरी चौकी इलाके के गांव करलावाला में बदमाशों ने डकैती के दौरान गल्ला व्यापारी ततीर खां की हत्या कर दी। सेटा खेड़ा गांव में किसान रामकिशोर को चाकुओं से गोद कर नगदी लूट ली। इसी गांव के बाहर मढ़ी पर धावा बोलकर बदमाशों ने महंत रामकिशोर को बेरहमी से पीटा और आठ हजार रुपये की नगदी लूट ली। एसएसपी सौमित्र यादव, एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह रात में ही मौके पर पहुंचे। रविवार को डीआईजी आरकेएस राठौर ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी क्लू खंगाले। शुक्रवार की रात बदमाशों ने बिसौली में हाईवे किनारे एक घर में डकैती के दौरान किराना व्यापारी कुलदीप यादव की हत्या कर दी थी।
कारलावाला गांव में शनिवार की रात 12 बजे छह-सात बदमाशों ने गल्ला व्यापारी ततीर खां (35) पुत्र शब्बीर खां के घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसते ही बदमाशों ने ततीर खां को चारपाई पर होते हुए दबोच लिया। उसके मुंह में कपड़ा और रेता ठूंसने के बाद उसके चेहरे, सिर पर कुल्हाड़ी, रॅाड आदि से ताबड़तोड़ प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद बदमाशों ने ततीर खां के एक साल के बेटे अजान को कब्जे में ले लिया। ततीर खां को पत्नी मुस्कीन जागी, उसको बदमाशों ने मुंह खोलने पर बेटे की हत्या करने की धमकी दी। बदमाशों ने यहां से एक लाख रुपये नगदी, एक किलो चांदी समेत करीब दो लाख का माल लूट लिया।
इसके बाद बदमाशों ने पड़ोस के गांव सेटा खेड़ा में वीरपाल के घर पर धावा बोला। रामकिशोर को चाकुओं से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यहां से मेंथा आयल की बिक्री के रखे 10 हजार रुपये लूट लिए। जाते वक्त बदमाशों ने गांव के बाहर मढ़ी पर धावा बोला। यहां महंत रामकिशोर को पीटा। उनसे आठ हजार रुपये नगदी लूट ली। पुलिस ने तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मौका मुआयना करने के बाद डीआईजी आरकेएस राठौर ने दावा किया है कि घटना को खुलासा 48 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा।