यह मकान बिकाऊ है!: दबंगों से डरकर किसान ने घर के बाहर लिखा ये संदेश, कहा- आरोपियों से जान को है खतरा
किसान के बेटे अमरजीत का कहना है कि उसे आरोपियों से खतरा है। इससे वह मकान बेचकर कहीं और रहने की व्यवस्था कर रहा है। इसी के चलते उसने घर की दीवार पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखवा दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं एसएसपी कार्यालय में पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने वाले किसान के बेटे अमरजीत का कहना है कि उसे आरोपियों से खतरा है। इससे वह मकान बेचकर कहीं और रहने की व्यवस्था कर रहा है। इसी के चलते उसने घर की दीवार पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखवा दिया है।
तीन महीने पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी किसान किशनपाल ने एसएसपी कार्यालय में पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लिया था। इस मामले में किसान के बेटे अमरजीत ने अपने ही गांव के आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि आरोपियों ने उसके खेत में गेहूं की फसल जला दी थी। वह कई दिन से एसएसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे पहले पुलिस दोनों ओर से एफआईआर दर्ज कर चुकी थी। किसान के आत्महत्या के बाद एसआईटी ने पूरे मामले की विवेचना की और सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी लगा दी।
अभी कुछ दिन पहले अमरजीत ने आरोपियों पर धमकी देने और फैसला करने को दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। अभी उसकी विवेचना चल रही है। अब अमरजीत ने अपने घर की दीवार पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखवाकर फिर से मामला ताजा कर दिया है। इसको लेकर तमाम तरह की चर्चा हैं। अमरजीत का कहना है कि आरोपी उसे व उसके परिवार को धमकी दे रहे हैं। इससे वह अपना मकान बेचना चाहता है। वह यहां से मकान बेचकर कहीं दूसरे स्थान पर चला जाएगा। उसे आरोपियों से खतरा है। हालांकि उसने खतरा महसूस होने के संबंध में पुलिस को कोई पत्र नहीं दिया है।
किसान के परिवार की सुरक्षा को चौबीस घंटे के लिए दो पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। उसके परिवार की पूरी सुरक्षा दी गई है। अभी अवकाश पर हूं। वापस आते ही मामले को देखूंगा। -आलोक मिश्रा, सीओ सिटी