बदायूं। जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में बृहस्पतिवार को एक और गैंगस्टर की नौ लाख की संपत्ति जब्त की गई।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के खेड़ा बुजुर्ग निवासी साजिद पुत्र साबिर कुरैशी शातिर अपराधी है। पुलिस के मुताबिक वह लगातार अपराध में संलिप्त रहा है। वह गोवंशीय पशुओं का मांस बेचने और उनकी हत्या के मामले में नामजद रहा है। इससे उसके खिलाफ गैंगस्टर के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके तहत बृहस्पतिवार को डीएम ने उसकी संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए।
बृहस्पतिवार शाम सीओ सिटी आलोक मिश्रा, तहसीलदार करनवीर सिंह और इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी आरोपी साजिद के घर पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर ढोल नगाड़े बजवाकर आदेश सुनाया। उसके बाद गैंगस्टर साजिद की एक पुरानी स्कूटी, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक होंडा सिटी कार जब्त कर ली गई। तीनों वाहनों की कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। सीओ सिटी ने बताया कि गैंगस्टर ने गलत तरीके से रुपये आर्जित कर अवैध संपत्ति खरीदी है। उसने ये वाहन खरीदकर आय का साधन बना लिया था। इससे उसकी संपत्ति जब्त की गई है। संवाद