बदायूं। पावर कारपोरेशन निविदा/ संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहेें है। ऐसे में जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, परीक्षण खंड के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार को कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा हमारी मांगों की अनदेखी की जा रही है जो अच्छी बात नहीं है। बिजली विभाग में ठेकेदारी व्यवस्था समाप्त कर मस्टरोल व्यवस्था के तहत कर्मचारियों की तैनाती की जाए। साथ ही समान कार्य का समान वेतन देने या न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये निर्धारित करने की बात कही। जिला उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र पाल ने कहा कि धरना प्रदर्शन तब तक जारी रहेंगा कि जब तक प्रदेश सरकार व पावर कॉरपोरेशन हमारी नीतिगत मांगों को नहीं मानते हैं, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सागर, चंद्र पाल, राजीव यादव, सुरेश, चंद्रपाल, प्रमोद शर्मा, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।