Budaun News: निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के गड्ढे में डूबने से एक बच्चे की मौत, पांच को ग्रामीणों ने बचाया
निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर एक बच्चे की मौत हो गई। पांच बच्चों को ग्रामीणों ने बचा लिया। सभी बच्चे गड्ढे में नहा रहे थे, उसी वक्त यह हादसा हो गया।
विस्तार
बदायूं के दातागंज तहसील क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भर गया, जिसमें नहाते समय छह बच्चे डूबने लगे। ग्रामीणों ने पांच बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन एक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे दातागंज क्षेत्र के गांव छछऊ के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के गड्ढे में भरे बारिश के पानी में नहाने के लिए गांव डहरपुर कलां के रहने वाले 12 वर्षीय रंजीत, उसका नौ वर्षीय भाई संजीव पुत्रगण किशोरी लाल, 10 वर्षीय मोहित पुत्र मुनेश, 14 वर्षीय पीतांबर पुत्र नौबत, 12 वर्षीय गोविंदा, हीरालाल पुत्रगण उदयवीर गए थे।
ग्रामीणों ने पांच बच्चों को बचाया
बच्चे उसमें नहाने के लिए कूदे। गहरा गड्ढा होने की वजह से सभी डूबने लगे। चीख-पुकार पर पास के ही खेतों में काम कर रहे गंगा सहाय, सियाराम आदि लोगों ने पांच बच्चों को बचा लिया, लेकिन रंजीत गड्ढे में बैठता चला गया। काफी देर बाद उसको बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।