बदायूं। बिना कोई लक्ष्य हासिल किए पाकिस्तान के साथ युद्ध विराम करने के प्रधानमंत्री के फैसले पर आम आदमी पार्टी ने ह्यूमन बैनर के जरिए तीखा हमला बोला है। पार्टी पदाधिकारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि भारतीय सेना पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) वापस कब्जा कर सकती थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के दबाव में आकर प्रधानमंत्री ने यह सुनहरा मौका गवां कर भारतवासियों को धोखा दिया है।
मालवीय आवास पर धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री से पूछ रहा है कि उन्होंने पाकिस्तान से इतनी आसानी के साथ सीजफायर क्यों कर दिया? पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई को लेकर पूरा देश एकजुट था। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, सपा समेत सभी विपक्षी दल प्रधानमंत्री के साथ खड़े थे। प्रधानमंत्री के पास बड़ा मौका था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के दबाव में आकर सीजफायर कर दिया। पाकिस्तान को सबक सिखाने और पीओके वापस लेने का बहुत अच्छा मौका गवां दिया। हर भारतीय पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों का बदला लेना चाहता था। आज हर एक भारतीय बहुत निराश है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राकेश सोलंकी, पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष बृजेश पाल, हरिओम, दिनेश राठौर, ओमपाल यादव आदि मौजूद रहे।