बदायूं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सलारपुर में मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन हुआ। मेले में गाजियाबाद की कंपनी श्री राम पिस्टन एंड रिंग्स लिमिटेड ने 77 अभ्यार्थियों का चयन कर लिया है।
आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधि द्रुपद गंगवार ने साक्षात्कार लिया। उन्होंने कंपनी के बारे में बताया। रोजगार मेले में 89 आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वेल्डर, प्लंबर, मैकेनिक डीजल इंजन, मैकेनिक मोटर व्हीकल, शीट मेटल, वायरमैन, आरएसी, पीपीओ आदि के प्रशिक्षणार्थी थे। इनकी आधे घंटे की लिखित परीक्षा कराई गई। उसमें उत्तीर्ण होेने के बाद साक्षत्कार लिया गया। साक्षात्कार के बाद 77 अभ्यार्थियों का चयन किया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर सचिन कुमार सिंह, अनुदेशक अजीत कुमार वर्मा, आदित्य सोनकर आदि मौजूद रहे।