Budaun News: गंगा में डूबकर 12 साल के लड़के की मौत, नदी में नहाते वक्त हुआ हादसा
गांव घसनगला निवासी 12 साल का बालक अपने दोस्तों के साथ बांध के नजदीक गया था। वहां वह नदी के पानी में नहाने लगा। इसी दौरान गहरे पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई।
विस्तार
बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के गांव घसनगला में शनिवार सुबह 12 वर्षीय बालक की गंगा नदी में डूबकर मौत हो गई। वह अपने साथी के साथ बांध के नजदीक खेलने गया था। इसी दौरान गंगा नदी में घुस गया, तभी अचानक वह गहरे पानी में चला गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
गांव घसनगला निवासी रामरहीश खेतीबाड़ी करते हैं। उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। उनमें अनोज तीसरे नंबर का था। वह गांव के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। परिवार वालों के अनुसार अनोज शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपने दोस्तों के साथ गांव के नजदीक बांध किनारे खेलने गया था।
साथियों ने दी गांव में सूचना
बच्चे खेलते-खेलते बांध के दूसरी ओर चले गए। वहां गंगा का पानी आ चुका है, वहां पर मिट्टी भी दलदल हो चुकी है। अनोज नहाने के लिए गंगा में घुस गया। इस दौरान वह पानी में चला गया। इससे वह डूब गया। उसे देखकर साथी शोर मचाते हुए गांव पहुंचे और उन्होंने परिवार वालों को इसकी सूचना दी। इससे परिवार वाले और गांव के तमाम लोग बांध पर पहुंच गए। तब तक कुछ लोगों ने अनोज की तलाश शुरू कर दी।
करीब आधा घंटा बाद उसको बाहर निकाला जा सका लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई लेकिन परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर उसके शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया। बाद में उन्होंने किशोर के शव को दफन कर दिया।