CM योगी की चुनावी हुंकार: कहा- 'दंगा कराते थे सपा-बसपा और कांग्रेस के लोग; अन्नदाता सरकार के एजेंडे में है'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज बिजनौर के धामपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर नगीना लोकसभा सीट के मतदाताओं को साधने का पूरा प्रयास किया। मात्र 16 मिनट के भाषण में उन्होंने मंच से विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
विस्तार
भाजपा व बसपा के दो बड़े स्टार प्रचारक आज नगीना में अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने पहुंचे। सीएम योगी सहारनपुर में पीएम की रैली में शामिल होने के बाद धामपुर स्थित रामलीला बाग मैदान में जनसभा स्थल पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही वहां मौजूद नेताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि यूपी में अब कोई दंगा नहीं, सुरक्षा का कोई खतरा नहीं, बेटी- व्यापारी हर नागरिक को सुरक्षा मुहैया कराई है। सीएम बोले कि 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हित के लिए किए गए कार्यों का पूरी दुनिया में डंका बजा है।
अन्नदाता सरकार के एजेंडे का हिस्सा: सीएम
अन्नदाता सरकार के एजेंडे का हिस्सा बना है। चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर अन्नदाता का सम्मान करने का काम किया है। 2014 के पहले भारत के बारे में दुनिया के लोग हंसते थे। अब हर क्षेत्र में भारत की तारीफ कर रहे हैं। मोदी के नेतृत्व और प्रबंधन का लोहा कोरोना कल में भी दुनिया ने देखा है।
पीएम ने कहा कि 'द गार्जियन न्यूज' में खबर छपी है, जिसमें पाकिस्तान के अंदर दो साल पहले 20 आतंकी मारे जाने का जिक्र है। इस खबर का स्रोत क्या है यह तो पता नहीं लेकिन एक बात तय है, भारत की आतंक के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है।
सीएम ने कहा कि पुलवामा अटैक के वक्त नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सपूतों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा जो कि एयर स्ट्राइक करके दिखा दिया। आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था भारत है। यहां चार लाख गरीबों को आवास दिया गया। ढाई लाख गरीबों को बिजली कनेक्शन दिए गए। यह सब मोदी के नेतृत्व में ही हो पाया।
समय पर हो रहा गन्ना भुगतान
पहले किसान गन्ना दे देता था लेकिन भुगतान नहीं हो पता था। किसान सूदखोरों से पैसा लेता था। आज समय से भुगतान हो रहा है, जो चीनी मिल देरी कर रही हैं उनके पेच कसे जा रहे हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मात्र 16 मिनट के भाषण में नगीना की जनता को लुभाने की खूब कोशिश की। उन्होंने विकसित भारत के लिए विकसित नगीना बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा यदि प्रदेश में सुरक्षा का माहौल चाहिए, दंगे नहीं चाहिए, तो भाजपा का साथ आपको पकड़े रखना होगा।
उन्होंने कहा पीएम मोदी ने विकसित भारत का सपना पूरा करने का संकल्प लिया है। यह तभी पूरा होगा जब उत्तर प्रदेश 80 मोतियों की जीत का हार मोदी जी के गले में डालेगा।