तार से निकली चिंगारी, 20 बीघा गन्ना जला
बिजनौर, मंडावली। विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से करीब 20 बीघा गन्ना जल गया। आसपास के किसानों ने ट्रैक्टर आदि से आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान ने विद्युत निगम कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की।
मंडावली क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी तिलकराम का गांव हरेवली के जंगल में कई बीघा गन्ना खड़ा है। किसान के खेतों के ऊपर से उच्च क्षमता की विद्युत लाइन काफी नीचे होकर गुजर रही हैं। तिलकराम का आरोप है कि सोमवार की देर शाम को जर्जर विद्युत लाइन में अचानक फाल्ट हो गया। विद्युत चिंगारी गन्ने की सूखी पत्तियों के संपर्क में आकर जल उठी। देखते ही देखते गन्ने के खेत में आग फैल गई। फुरकान अहमद, गुलशन, संजय, अर्जुन, कलवा आदि ने ट्रैक्टर आदि से गन्ने में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। किसान ने किसी तरह आग पर काबू पाकर उसे अन्य खेतों में फैलने से रोक दिया। तिलकराम के अनुसार अग्निकांड में उसका 20 बीघा गन्ना जल जाने से लाखों रुपये नुकसान हुआ है।