Bijnor News: रोज गुजरता है अफसरों का काफिला, बदहाल सड़क की नहीं सुध
नगीना में पिछले 5 सालों में नगर पालिका प्रशासन ने नगर में करोड़ों रुपये की लागत से सैकड़ों छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण तो कराया लेकिन गन्ना समिति मार्ग की बदहाल पड़ी सड़क की कोई सुध नहीं ली। हैरानी इस बात कि है की इस मार्ग पर प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का रोजाना खूब आवागमन होता है लेकिन इस सड़क पर हो रहे सैकड़ों गड्ढों पर किसी की भी नजर आज तक नहीं गई।
नगर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड पर नहर किनारे गन्ना समिति मार्ग स्थित है। नगर से बाहर निकलने वाले तमाम लोगों के लिए यह मार्ग बाईपास के रूप में काम करता है। रेलवे स्टेशन के पास हमेशा लगने वाले जाम से बचने के लिए हजारों वाहन प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर कोतवाली वाले रेलवे फाटक की तरफ आसानी से निकल जाते हैं। इसी मार्ग पर स्थित गन्ना समिति के कार्यालय में प्रतिदिन क्षेत्र के हजारों किसानों का आवागमन रहता है।
पालिका प्रशासन ने पिछले पालिका बोर्ड के कार्यकाल में इस सड़क का निर्माण कराया था लेकिन इसके बाद इसकी कोई सुध नहीं ली। इस मार्ग पर वर्तमान में गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। इस् मार्ग पर होटल चलाने वाले सुभाष शर्मा का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस मार्ग की सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है लेकिन पालिका प्रशासन ने इस सड़क को बनवाने में कोई ध्यान नहीं दिया।
ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित सचिन शर्मा ने पालिका प्रशासन से गड्ढों में तब्दील हो चुके गन्ना समिति मार्ग का तत्काल निर्माण कराए जाने कि मांग की है। ग्राम भोगली निवासी किसान राहुल कुमार का कहना है कि गन्ना समिति कार्यालय के बाहर सड़क पर इतने गड्ढे हैं की सड़क भी नजर नहीं आ रही है। ग्राम रसूलपुर मुजफ्फरनगर निवासी किसान जाकिर खान का कहना है कि किसानों को प्रतिदिन खाद इत्यादि लेने के लिए ट्रैक्टर- ट्राली से गन्ना समिति आना पड़ता है लेकिन गड्ढों में तब्दील हो चुके इस मार्ग पर कभी भी दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि पालिका में नए अधिशासी अधिकारी की तैनाती हो गई है अब शीघ्र इस सड़क पर गड्ढे भरवाने का काम पालिका से करवाएंगे।
