जिले में शुरू हुआ पोलियो अभियान
बिजनौर। जिले में लगभग 2233 बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। जिले में पांच लाख 41 हजार 859 बच्चों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य है। रविवार को इनमें से तीन लाख 56 हजार 71 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
रविवार को डीएम रमाकांत पांडेय ने गांव फतेहपुर कला स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर फीता काटकर पोलियो बूथ का शुभारंभ किया और कोतवाली देहात स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव ने बच्चे को पोलियारोधी दवाई पिलाई। इस अवसर पर जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसके निगम, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, डब्लूएचओ की एसएमओ डॉ. नुपुर गर्ग, यूनिसेफ के डीएमसी प्रवीण कुमार, जिला वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर राजीव कुमार आदि मौजूद रहे। सीएमओ ने बताया कि एक से तीन फरवरी तक स्वास्थ्य कर्मी पांच साल तक के बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की दवाई पिलाएंगे। अभियान एक से पांच फरवरी तक चलाया जाना था, लेकिन चार और पांच फरवरी को कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान रहने के कारण इसे एक से तीन फरवरी तक किया गया है। इन दिनों की पूर्ति अग्रिम दिवसों में की जाएगी।