व्यापारी के कोरोना संक्रमित पिता की मौत
नहटौर। कपड़ा व्यापारी के कोरोना संक्रमित पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मां भी पॉजिटव पाई गई है। उनका मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में उपचार चल रहा है। नगरपालिका ने मोहल्ले को सील करते हुए सैनिटाइज कराया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के लोगों को होम क्वारंटीन करते हुए जांच के लिए सैंपल लिए हैं।
नहटौर के मोहल्ला अफगनान में व्यापारी नीचे की मंजिल में दुकान करता है, जबकि परिवार ऊपरी मंजिल में रहता है। व्यापारी के बुजुर्ग माता व पिता की तबीयत खराब होने पर मां को मुरादाबाद व पिता को बिजनौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मां की टीएमयू मुरादाबाद में कोरोना जांच पॉजिटव आई। उसके बाद बिजनौर में भर्ती पिता की जिला अस्पताल में ट्रू नॉट मशीन से जांच हुई, जिसमें प्राथमिक रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। पिता की तबीयत बिगड़ने पर मुरादाबाद रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सा अधिकारी डॉ गुरुचरन सिंह ने बताया कि ट्रू नॉट मशीन से प्राथमिक रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दोबारा जांच के लिए सैंपल लिया था, लेकिन उसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन करते हुए सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। उधर, व्यापारी की दुकान पर काम करने वाले युवक के मोहल्ले में भी हड़कंप मचा हुआ हैं। मोहल्ला अफगनान को सील कर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।