कबड्डी में केदारनाथ बालिका विद्यालय बना विजेता
धामपुर। युवा कल्याण, प्रादेशिक दल विभाग की ओर से शुक्रवार को केएम इंटर कॉलेज के मैदान में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं में ब्लॉक क्षेत्र के इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल में प्रतिभाग कर शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में लाला केदारनाथ बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथि अल्हैपुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी मनीष दत्त, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, लंबी कूद में खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। कबड्डी में लाला केदारनाथ बालिका विद्या मंदिर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। 800 मीटर बालक व बालिका वर्ग में गौरव सैनी व भारती प्रथम रहे। लंबी कूद बालक वर्ग में साकिब व पूर्णिमा प्रथम रहे। विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुभाष सिंह, हिमांशु, सहदेव, देवस्वरूप, सुनील कुमार, राहुल कुमार, अनिल कुमार का योगदान रहा। संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मोनी चौधरी ने किया।