भारतीय किसान संघ ने फसल का लाभकारी मूल्य मांगा
बिजनौर। भारतीय किसान संघ ने किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को देकर किसान हित में योजनाओं के धरातल पर संचालन की मांग की है। संघ सदस्य गन्ना समिति परिसर पर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। ज्ञापन में कहा कि किसान को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाता है, लेकिन मंडी के भाव इससे कम रहते हैं। कहा कि किसान को छोड़कर उसके उत्पादों के व्यवसाय से जुड़े लोग तो फल फूल रहे हैं। केवल फसल उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, किसानों की आमदनी बढ़ाने और लागत घटाने की बात नहीं हो रही है। कहा कि किसान को फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं बल्कि लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए। किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने और एमएसपी से कम पर खरीद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, संजीव कुमार राजकुमार सिंह, सुरेश कुमार, निपेंद्र कुमार, सत्यपाल सिंह, नाहर सिंह, राहुल शर्मा, देवप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।