Bijnor: नगीना में अस्पताल संचालक की गोली मारकर हत्या, मरीज़ ने दिखाई रिपोर्ट और फिर हुआ धमाका
नगीना के एक निजी अस्पताल में मरीज के रूप में घुसे हमलावर ने अस्पताल संचालक डॉ. राजकुमार (38) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्या का आरोपी बाइक पर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में लग गई है।
विस्तार
नगीना के धामपुर मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास गाजियाबाद निवासी डॉक्टर राजकुमार (38) ने शिवालय हेल्थ केयर के नाम से पिछले करीब डेढ़ साल से एक निजी अस्पताल खोल रखा है। अस्पताल में चिकित्सक का कार्य करने वाले डॉ मूसा इब्राहिम ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे जब डॉक्टर राजकुमार अपने केबिन में बैठे थे तो वह बराबर में पड़ी दूसरी कुर्सी पर उनके साथ वहां मौजूद थे। उनके अनुसार तभी एक करीब 25 वर्ष का युवक क्लीनिक में आया और डॉक्टर राजकुमार को एक खून जांच की रिपोर्ट दिखाने लगा। उसने बताया कि जैसे ही डॉक्टर राजकुमार उसकी रिपोर्ट को देखने में लगे तभी तेज धमाका हुआ तथा खून में लथपथ होते हुए उनके ऊपर गिर गए। उसका दावा है कि हमलावर ने अपने बैग से कोई हथियार निकाल कर मारा था। इसके बाद डॉक्टर राजकुमार अचेत होकर जमीन पर गिर गए और खून बहने लगा। पुलिस को सूचना देने के साथ ही गंभीर अवस्था में घायल डॉ. राजकुमार को नगीना के सरकारी अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने डॉ. राजकुमार को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे सीओ
सूचना मिलने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ पहले अस्पताल तथा बाद में मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी जुटाने में लग गए हैं। उधर मौके पर पहुंचे स पर देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि चिकित्सक की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विशाल दिवाकर ने बताया कि प्रथम दृष्टि में सीने में दिल के पास किसी धारदार हथियार से हमला करने से हुआ घाव प्रतीत हो रहा है। उनका कहना है कि बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही बात सामने आ पाएगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मौत के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने या सीसीटीवी कैमरे में घटना को देखने के बाद ही चल सकेगा। उनका कहना है कि फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। हत्या चाकू के हमले से की गई है या फिर गोली मारी गई है जिसकी जांच की जा रही है।
डॉ. राजकुमार पुत्र धर्मपाल डी ब्लॉक हाउस नंबर 180 नंदीग्राम गाजियाबाद के रहने वाले हैं। डॉ राजकुमार ने अपने फ्लेक्सी बोर्ड पर जनता को गुमराह करने के लिए एमडी लिख रखा था। उसके नीचे बाल रोग विशेषज्ञ लिखा है। जबकि दूसरे बोर्ड पर मैनेजिंग डायरेक्टर लिखा है, जिसका मतलब कि वह अस्पताल के प्रबंध निदेशक है।