Bijnor News : स्कूल वैन में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप, सामने आई ये बड़ी वजह
Bijnor News : यहां एक स्कूल वैन में भीषण आग लग गई। आग लगने से स्कूल में हड़कंप मच गया। आग लगने की ये बड़ी वजह सामने आई है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के धामपुर में हाईवे-74 पर जेके माडर्न स्कूल के बाहर पार्किंग में खड़ी एक स्कूल वैन में सोमवार को अचानक 11 बजे शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। जिस समय हादसा हुआ तब वहां पर और भी कई वाहन खड़े थे। जैसे ही वैन में वहां पर खड़े लोगों को लपटें उठतीं नजर आईं तो उन्होंने शोर मचा दिया।
इसके बाद लोगों ने पानी की बौछारों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन कुछ ही मिनटों में वैन जलकर नष्ट हो गई। स्कूल के प्रधानाचार्य कृपाल सिंह ने बताया कि उनके स्कूल में करीब 20 वाहन बच्चों को लाने और ले जाने में लगे हैं। इनमें से 12 वाहन स्कूल के हैं और बाकी स्कूल की ओर से अनुबंध पर लगे हैं। स्कूल का संचालन सुबह दस बजे से दोपहर के बाद ढाई बजे तक होता है।
बताया गया कि सोमवार को सभी वाहन समय से बच्चों को लाने के बाद पार्किंग में खड़े थे। इसी दौरान एक स्कूली वैन में अचानक लपटों के साथ धूं-धूं कर चलने लगी है। बताया गया कि वह स्कूली वैन कुछ ही देर पहले अमखेड़ा क्षेत्र के गांवों से बच्चों को लेकर आई थी। करीब 16 बच्चे संबंधित वैन से स्कूल में आते हैं। जैसे ही आग लगी तो वहां खड़े वाहनों के चालकों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। पानी की बौछार कर आग को बुझाने का प्रयास किया। मगर सफलता नहीं मिली। वैन के खत्म होने के बाद ही आग पर काबू पाया जा सका।
यह भी पढ़ें: तेंदुए का खौफ: कई कॉलोनियों में बढ़ी सुरक्षा, सैर पर भी नहीं गए लोग, तलाश में लगी विशेषज्ञों की टीम
बच्चों से भरी वैन में हादसा हो जाता तो क्या होता : प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य का कहना है कि यह अच्छा हुआ कि वैन में बच्चे नहीं थे। उनके यहां पर सभी वाहन फिटनेस है। वाहनों के फिटनेस रिकॉर्ड स्कूल के पास उपलब्ध हैं। ऐसा उनके स्कूल के किसी वाहन में पहली बार हुआ है। उनका कहना है कि यदि वैन स्कूली बच्चों से भरी होती तो वह आज किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहते।
यह भी पढ़ें: UP: छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ गोलियों से गूंज उठा मेरठ कॉलेज, देखिए मौके की तस्वीरें
बकौल प्रधानाचार्य, वाहन के हादसाग्रस्त होने के बाद उन्होंने स्कूली बच्चों को अपने स्तर से दूसरे वाहन से उनके घर सकुशल पहुंचाया। उनकी समझ में यह नहीं आ रहा है कि जब वाहन पार्किंग में खड़ा था तो यह हादसा कैसे और क्यों व किस वजह से हुआ।