खेतों में भरा पानी, फसलों को भारी नुकसान
मंडावली/नजीबाबाद। मंडावली, भागूवाला, जलालाबाद क्षेत्रों में शुक्रवार को मूसलाधार वर्षा के साथ ओलावृष्टि से जगह-जगह गेहूं के खेतों में पानी भर गया। मंडावली क्षेत्र के किसान जल सिंह, रविंद्र सिंह, कविंद्र सिंह, राजवीर, ब्रह्मपाल, छत्रपाल, मो. शमी, जहीर, नसीम, भूपेंद्र, अमित राठी ने बताया कि इस समय हो रही वर्षा से गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया। खेतों में पानी भरने से गन्ने की बुआई प्रभावित हो रही है। जलालाबाद क्षेत्र के गांव बौरेकी निवासी मो. फुरकान, मो. नाजिम, सुधीर कुमार, मो. अहसान, चरण सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में गन्ना बोया था। दो दिन से लगातार हो रही वर्षा से गन्ने की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। पानी भरने से गन्ने की बुआई बुरी तरह प्रभावित हुई है। भागूवाला और नांगल क्षेत्र में भी वर्षा से फसलों के प्रभावित होने से किसान परेशान हैं।