युवाओं को राष्ट्रप्रेम की ऊर्जा देंगे पूर्व सैनिक
नजीबाबाद। एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन में शामिल पूर्व सैनिक युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएंगे। पूर्व सैनिकों ने अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों से एसोसिएशन से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
नजीबाबाद की सिद्धबली विहार कॉलोनी स्थित आवास पर पूर्व वायु सैनिक मनोज कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की गई। पूर्व सैनिक मनोज कुमार ने कहा कि एसोसिएशन सैनिक परिवारों की समस्याओं के प्रति समर्पित है। यदि पूर्व सैनिक परिवार को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वह एसोसिएशन को जरूर बताए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने, युवाओं में राष्ट्रप्रेम जागृत करने और उन्हें व्यसन से दूर रहने के लिए जल्द जागरूकता अभियान चलाएंगे। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक एचएस नेगी ने पूर्व सैनिकों को एसोसिएशन को मजबूत बनाने और व्यसन मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। बैठक में पूर्व सैनिक रविंद्र काकरान, पूर्व सैनिक पवन शर्मा, हृदेश कुमार, अरुण विश्नोई, विरेंद्र सिंह, मगन सिंह, लेखन सिंह मौर्य आदि मौजूद रहे।