आबादी के समीप पहुंचा हाथियों का झुंड
हरेवली। साहूवाला वन क्षेत्र से सटे गांवों के आसपास हाथियों के झुंड देखे जाने से लोगों में दहशत है। वन विभाग की ओर से इन हाथियों को वनों में खदेड़ने के लिए गठित टीम भी इन्हें रोक नहीं पा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों से सुरक्षा की मांग की है। इन हाथियों ने अब तक कई गांवों के लोगों की सैकड़ों बीघा गन्ने और गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया है। बुधवार रात भी करीब तीन घंटे तक हाथियों का झुंड बस्ती के पास खेतों में डटा रहा।
गांव शाहनगर कुराली के लोगों ने बताया कि गांव के पास बुधवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने किसानों की 50 बीघा गन्ने की फसल को रौंद कर नष्ट कर दिया। गांव निवासी सोध्यान सिंह, भीम सिंह, इकराम खान, कृपाल सिंह, लड्डन खान आदि किसानों का कहना है कि बुधवार रात 9:00 बजे गांव के समीप लगभग 12 हाथियों का झुंड वन क्षेत्र से गन्ने के खेतों में आ घुसा और फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। किसानों ने ढोल बजाकर और आग लगाकर बमुश्किल हाथियों को खदेड़ा। बताया कि विभाग के अधिकारियों ने समस्या से निजात दिलाने को अधिकारियों की टीम का भी गठन किया था। लेकिन कड़ाके की ठंड में कोई भी अधिकारी रात को किसानों की मदद करने गांव में नहीं आता। उधर, वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि हाथियों को खदेड़ने के लिए टीम लगा रखी है।