सैन्य बलों में आरक्षण खत्म होने पर दिव्यांगों ने किया प्रदर्शन
बिजनौर। सैन्य बलों में दिव्यांगों का आरक्षण समाप्त किए जाने के खिलाफ दिव्यांगों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में देकर फिर से आरक्षण बहाल कराने की मांग की है।
टाउन हॉल पार्क में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने बताया कि आईपीएस, रेलवे सुरक्षा बल दिल्ली व अन्य कुछ विभागों में सभी लड़ाकू पदों पर दिव्यांगों के लिए आरक्षण खत्म कर दिया गया है। बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी आदि को आरक्षण हटाने वालों की सूची में शामिल किया गया है। कहा कि पहले अधिनियम के अनुसार इन विभागों में दिव्यांगों को चार प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान था। नौकरियों में आरक्षण समाप्त होने से दिव्यांगों में असंतोष है। इसके बाद सभी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां भी प्रदर्शन किया। ज्ञापन में इन विभागों का खत्म किया गया आरक्षण कोटा दूसरे विभागों में बढ़ाने की मांग की गई। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष रामजोशी, शहजाद अलवी, मजीद, नियाज अहमद, दयाराम, अमीर हुसैन, राकेश कुमार, साबिर, रतिराम, दयाराम आदि मौजूद रहे।