धामपुर(बिजनौर)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद दामोदर दास मोदी ने कहा है कि उनके बड़े भाई देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने देश के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और अग्रसर भी हैं। उन्होंने कहा कि वह एक राशन कोटेदार हैं। राशन कोटेदार होने के नाते से उनका कहना है कि सरकार ने राशन की कालाबाजारी को रोकने के लिए जो ई-पॉश वितरण पद्धति को लागू किया है, जो अच्छा प्रयास है, लेकिन सरकार की ओर से जो डीलर को कमीशन मिल रहा है, उससे नाराज हूं।
प्रह्लाद दामोदर दास मोदी धामपुर में दुर्गा विहार कालोनी में कुंवर निहाल सिंह के आवास पर रविवार शाम प्रेसवार्ता कर रहे थे। प्रह्लाद मोदी ने कहा कि भाई नरेंद्र दामोदर दास मोदी देश की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप में बखूबी काम कर रहे हैं। कहा कि वह राज नेता नहीं हैं, वह कोटेदार हैं। उन्हें केवल यह मालूम है कि कोटेदार को एक माह में कितना कमीशन मिल रहा है, जो काफी कम है। कहा कि धामपुर निवासी कुंवर निहाल सिंह के निमंत्रण पर यहां आने का सौभाग्य मिला है। बताया गया कि श्रीराम कथा समिति की ओर से 24 से 30 नवंबर तक चलने वाली रामकथा कार्यक्रम का आयोजन होना है। रामकथा से पहले 18 नवंबर को धर्म ध्वज यात्रा और भूमि पूजन कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अवसर मिला है। वार्ता में कुंवर निहाल सिंह, कुंवर अशोक राजपूत, कुंवर आशीष राजपुत, कुंवर अनिल राजपूत रहे।