बसों में बढ़ी यात्रियों की भीड़, नहीं मिल रही सीट
बिजनौर। दीपावली की वजह से रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। लोग त्योहार मनाने अपने घर आ रहे हैं। रोडवेज बसों में भीड़ ज्यादा होने से यात्री खिड़की से बसों में घुसे। त्योहारी सीजन में परिवहन विभाग ने सभी रूटों पर बसों के फेरे डेढ़ गुने कर दिए हैं।
सोमवार को दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। परिवहन विभाग भी तैयारियों में जुटा था, लेकिन भीड़ के सामने सब तैयारी धरी रह गई। बसों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। इसके अलावा भीड़ ज्यादा होने की वजह से सीट पाने के चक्कर में खिड़की से बसों के अंदर घुसे। बसों में दिल्ली से बिजनौर आने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा है। बिजनौर डिपो से दिल्ली, नजीबाबाद, चांदपुर, धामपुर, नगीना, मुरादाबाद रूटों पर बसों के 31 अक्तूबर तक फेरे बढ़ाए गए हैं। फेरे बढ़ने के बाद भी बसों में भीड़ कम नहीं हो रही है। एआरएम धीरत सिंह पंवार का कहना है कि यात्रियों को सुविधा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। सभी रूटों पर बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। किसी भी यात्री को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। सभी को उनकी मंजिल तक पहुंचाएंगे।