Bijnor News: जमीन के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष, महिला घायल
- सीओ की अगुवाई में तीन थानों की पुलिस फोर्स ने संभाला मोर्चा, किया शांत
- ग्राम प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में किया गया चालान
विस्तार
गजरौला शिव में विवादित जमीन पर तारबाड़ करने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हुआ। मारपीट और हमले में एक महिला घायल हुई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरअसल, ग्राम प्रधान और उसके पक्ष के लोगों ने एक जमीन को ग्राम समाज की बताते हुए तारबाड़ कर दी थी, दूसरा पक्ष विरोध में आया तो बवाल हो गया। सीओ की अगुवाई में तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मामले में ग्राम प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार करते हुए शांतिभंग में चालान किया गया है।
सोमवार दोपहर गजरौला अचपल में एक जमीन पर पिलर गाड़कर तार बांधने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। बताया जाता है कि गजरौला शिव निवासी जयपाल सैनी परिवार की जोत की भूमि गजरौला अचपल में है। सैनी समाज के लोग अपनी भूमि में मकान बनाकर रह रहे हैं। मकान के सामने ही उन्होंने अपने पशु बांध रखे हैं।
ग्राम प्रधान हरजीत उक्त भूमि को ग्राम समाज की बताते हुए अपने समाज के लोगों को लेकर सीमेंट के पिलर लगाकर तारबाड़ करने लगा। तारबाड़ से सैनी समाज के लोगों के घर का रास्ता बंद हो गया। खेत से लौटे सैनी समाज के लोगों ने विरोध किया तो दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद में सैनी समाज की मंजू देवी पत्नी मोनू के सिर में फावड़ा लगने से वह घायल हो गई।
सीओ सिटी अनिल कुमार, शहर कोतवाल नरेंद्र गौड़, थानाध्यक्ष हल्दौर उदयप्रताप, महिला थाना प्रभारी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, पुलिस ने पिलर उखड़वा कर मकान के अंदर बंद महिलाओं को बाहर निकलवाया। इस मामले में सैनी पक्ष की ओर से गजरौला अचपल के प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने प्रधान सहित चार लोगों को गिरफ़्तार करते हुए शांतिभंग में चालान कर दिया।
जमीन को लेकर हो चुके हैं धरना प्रदर्शन
उक्त भूमि को सैनी समाज ने अपनी बताते हुए फरवरी माह में गांव में ही हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं के साथ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया था। वहीं, दूसरे पक्ष ने मार्च माह में प्रधान के नेतृत्व में महिलाओं-पुरुषों को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ एक दिवसीय धरना भी दिया था। उक्त भूमि पर बिजनौर न्यायालय में सन 1912 से मुकदमा भी चल रहा है। जबकि सैनी समाज का कहना है कि यह उनका जोत का नंबर है।
हल्का लेखपाल पर लगे गंभीर आरोप
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि हल्का लेखपाल ने प्रधान से उक्त जमीन पर पिलर लगाकर तारबाड़ करने को कहा था। इसी वजह से दो पक्षों में विवाद हुआ है। उधर लेखपाल से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। सूत्रों का कहना है कि लेखपाल को प्रशासन ने भी चेतावनी दी है।
जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। एक महिला घायल है। जिसका उपचार चल रहा है। मामले में ग्राम प्रधान समेत चार लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है - नरेंद्र गौड़, शहर कोतवाल