Bijnor: नरभक्षी घोषित हुआ आदमखोर गुलदार, जवान बेटे को उतारा था मौत के घाट, लोगों में भारी आक्रोश
Bijnor News : बिजनौर में आदमखोर गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया गया है। गुलदार ने गुरुवार को एक युवक को मौत के घाट उतार दिया था।
विस्तार
बिजनौर में नगीना क्षेत्र के ग्राम तेलीपुरा में गुलदार के हमले में युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों व किसान यूनियन के नेताओं की मांग पर वन विभाग के अधिकारियों ने आदमखोर गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया है। साथ ही आला अधिकारियों से उसे नष्ट करने की अनुमति मांगी है। हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए बाहर की वन विभाग की टीम के साथ दो हाथी को भी गांव में उतार दिया गया है।
क्षेत्र के ग्राम तेलीपुरा में बृहस्पतिवार की शाम में जंगल में गए 20 वर्षीय संदीप को गुलदार ने मौत के घाट उतार दिया था। संदीप की मौत से गुस्साए ग्रामीणों व किसान यूनियन के नेताओं ने करीब आठ घंटे तक मृतक के शव को उठने नहीं दिया था।
वहीं, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में 24 घंटे के भीतर आदमखोर गुलदार को नरभक्षी घोषित कराए जाने व वन विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के आश्वासन मिलने के बाद रात्रि एक बजे शव पोस्टमार्टम के लिए जा सका। एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिला अधिकारी उमेश मिश्रा को एक पत्र लिखकर वन विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की संस्तुति कर दी है।
यह भी पढ़ें: एक साथ उठीं तीन अर्थियां: मुखाग्नि देते हुए बिलख पड़े पिता, खुशियों से भरा था परिवार, अब पसरा मातम
उधर, देर रात तक जब वन विभाग व प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों व किसान यूनियन की मांगों को मानने को तैयार नहीं हुए तो किसान यूनियन के नेताओं ने रेलवे ट्रैक जाम करने करने का एलान कर दिया तो प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गांव से नगीना के लिए चलने लगे। यह नजारा देख वहां मौजूद अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और किसान यूनियन के नेताओं की मांगों को 24 घंटे के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए।
यह भी पढ़ें: मणिपुर जैसी घटना: किशोरी को निर्वस्त्र दौड़ाने के मामले में एक्शन, अहम सुराग से सामने आएंगे दरिंदों के चेहरे