आखिर कब थमेगा गुलदार का आतंक: फिर ली एक जान, मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, दहशत में लोग
UP News : बिजनौर में आखिर कब गुलदार का आतंक थमेगा। जिले में गुलदार कई लोगों की जान ले चुका है। अब फिर से एक महिला की जान ले ली। मृतक महिला के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
बिजनौर जनपद में फिर से गुलदार ने एक जान ले ली है। अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर राजौरी में चारा लेने गई महिला पर गुलदार ने हमला कर मार डाला। घटना से महिला के परिजनो में कोहराम मचा है। वहीं, इस घटना से ग्रामीणों में भी रोष है।
जानकारी के अनुसार, गांव मोहम्मदपुर राजौरी निवासी कमलेश (45) पत्नी मुरारी सिंह गांव की कुछ महिलाओं के साथ पीली नदी के समीप खेत पर चारा लेने के लिए गई थी, जब वह चारे की गठरी लेकर वापस लौट रही थी। तभी खेत से निकलकर आए गुलदार ने कमलेश पर हमला बोल दिया और मौके पर ही महिला को मार डाला।
बताया गया कि गुलदार ने महिला की गर्दन पर वार किया है। घटना के बाद महिला के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। घटना के बाद परिजनों सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उधर, सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
महिला के दो बेटी व एक बेटा हैं। मां की मौत होने से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा का कहना है कि टीम भेजी जा रही है। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किए जाने की बात भी कही है।
यह भी पढ़ें: High Profile Case: अधिवक्ता गिरफ्तार, भाजपा नेताओं के खिलाफ जुटाए जा रहे सुबूत, जांच अधिकारी बदला
गुलदार दिखाई देने से लोगों में दहशत
झालू क्षेत्र में गुलदार के दिखाई देने से लोगों में दहशत है। गांव त्रिलोकपुर के आसपास बीते कुछ समय से गुलदार के दिखने के बाद ग्रामीण दहशत में रह रहे हैं। मंगलवार रात गांव के समीप स्थित सती मठ के पास गुलदार दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने गांव में पहरा देकर पूरी रात गुजारी। करनवीर सिंह, अजय, संजय ने बताया कि वह अपने घर की छत पर सो रहे थे। पास में तेज आवाज होने पर जाग गए। उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा कि कुछ दूरी पर सती मठ के पास गुलदार बैठा हुआ था। गुलदार देखकर ग्रामीणों को फोन किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों का शोर सुनकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
यह भी पढ़ें: लव जिहाद पर बड़ा बयान: फिर BJP सांसद पर भड़के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, खूब हुई तीखी बहस, जानिए वजह