बिजनौर में हादसा: सड़क हादसे में इंजीनियरिंग के छात्र की मौत, परिवार का इकलौता चिराग था हर्ष, मचा कोहराम
Bijnor Accident News : बिजनौर में सड़क हादसे में इंजीनियरिंग के छात्र की मौत हो गई। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के नूरपुर में मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर गजरौला के पास सड़क हादसे में इंजीनियरिंग के छात्र की मौत हो गई। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के गांव कुंडा खुर्द निवासी सरपंच राजकुमार यादव का 22 वर्षीय इकलौता बेटा हर्ष यादव मुरादाबाद में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, वह गत 31 जुलाई की सुबह अपने दोस्त के साथ मुरादाबाद से स्कूटी द्वारा गजरौला जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से वह और उसका दोस्त घायल हो गए। घायल हर्ष को परिजनों द्वारा मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां बुधवार की सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें: Maa Tujhe Pranaam: अमर उजाला ने किया वीरांगनाओं का सम्मान, शहीदों की याद में हर आंख हुई नम
उधर, दोपहर दो बजे पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने गमगीन माहौल में बैराज घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया। बताया जाता है कि इससे पहले राजकुमार के छोटे पुत्र निशांत की महज साढ़े तीन साल की आयु में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मृतक हर्ष इकलौता पुत्र रह गया था। घटना से ग्रामीण भी गमगीन है।
यह भी पढ़ें: UP: निराश्रित गोवंशों को पकड़ गोकशी, दिल्ली के होटलों में भेजते थे गोमांस, पुलिस से बचाता था भगवा रंग का गमछा