आरक्षी खुर्शीद की दिल का दौरा पड़ने से मौत
जलालाबाद/नजीबाबाद। पुलिस चौकी जलालाबाद में तैनात आरक्षी खुर्शीद अहमद की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पुलिस लाइन बिजनौर में एसपी सिटी और सीओ ने मृतक आरक्षी को सलामी के साथ अंतिम विदाई दी।
मई के प्रथम सप्ताह में जलालाबाद चौकी पर तैनात हुए संभल के असमौली थाना क्षेत्र के गांव मथना निवासी 37 वर्षीय आरक्षी खुर्शीद अहमद बुधवार सुबह आरक्षी चौकी इंचार्ज चंद्रवीर सिंह के साथ जिम करने जा रहे थे तभी अचानक आरक्षी को दिल का दौरा पड़ा। उपचार के लिए प्राइवेट नर्सिंग होम ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी रवींद्र कुमार वर्मा ने आरक्षी की मौत पर संवेदना व्यक्त की। पुलिस लाइन बिजनौर में एसपी सिटी डॉ.प्रवीन रंजन सिंह, सीओ बिजनौर कुलदीप गुप्ता ने सलामी के साथ सिपाही को अंतिम विदाई दी। पुलिस विभाग की ओर से जलालाबाद चौकी प्रभारी चंद्रवीर सिंह, आरक्षी समीर, सूफियान, विकास आदि ने आरक्षी के शव को लेकर गांव पहुंचे। दोपहर बाद आरक्षी को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।