शेरकोट (बिजनौर)। क्षेत्र के लोग अभी तक तो गुलदार के आतंक से ही परेशान थे और अब वन क्षेत्र से हाथियों का झुंड मैदान क्षेत्र में उतर आया है। हाथियों झुंड को देख क्षेत्र के लोगों में और बैचेनी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि रविवार को उन्होंने हाथी को खो नदी को पार कर क्षेत्र के गांव नंदगांव के जंगल में गन्ने के खेतों की ओर जाते देखा। वन विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
क्षेत्र के मास्टर रामफूल सिंह, नितिन चौहान, अरुण चौहान, जोनी कुमार, रामवीर सिंह, महेश कुमार, रिंकू कुमार का कहना है कि रविवार को जैसे ही उन्होंने हाथी को खो नदी पार करते देखा तो शोर मचा दिया। ग्रामीणों ने हाथियों का वीडियो भी बनाया। वीडियो को वायरल कर दिया गया। गांव गजरौला के पूर्व प्रधान सुनील कुमार, प्रधान डॉ. पंकज कुमार शर्मा का कहना है कि खो की बाढ़ ने किसानों को बर्बाद कर दिया। जो थोड़ी बहुत फसलें बची थीं। अब उन्हें हाथियों ने रौंद कर तहस नहस कर डाला। क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से हाथियों को वनों में खदेड़ने की मांग की है।