ज्ञानपुर। गंगा का जलस्तर तेजी से घट रहा है। 24 घंटे में एक मीटर से अधिक घट गया। इससे सीतामढ़ी, रामपुर घाट की कुछ सीढ़ियां दिखने लगी, हालांकि बाढ़ प्रभावित गांवों में परेशानी बरकरार है। तीन से चार दिनों रुके पानी से उठ रही दुर्गंध और कीचड़ ने दिक्कत बढ़ा दी है। छेछुआ और मवैयाथान सिहं में उपजाऊ भूमि अब भी गंगा में समा रही है। बुधवार को पांच सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर घट रहा था। शाम छह बजे तक 79.820 मीटर तक पहुंच गया है। मंगलवार से जलस्तर में कमी आनी शुरू हुई। पहले दिन एक से डेढ़ सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से पानी घटा, लेकिन बुधवार को पांच सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर घट रहा है। इससे रामपुर गंगा घाट के विश्राम कक्ष से पानी निकल गया साथ ही कुछ सीढ़ियां भी दिखने लगीं। सीतामढ़ी गंगा घाट की सीढ़ियां भी अब पानी से बाहर आ गई हैं। कोनिया के कलिकमवैया, मवैयाथान सिंह, छेछुआ, इटहरा सहित आधा दर्जन गांवों से धीरे-धीरे पानी गंगा की ओर जने लगा है, लेकिन अब भी कई स्थानों पर जलजमाव होने से सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। बस्तियों में कीचड़ और दुर्गंध से लोग परेशान है। छेछुआ में किसानों की उपजाऊ जमीनें कटान की भेंट चढ़ रही हैं। माना जा रहा है कि जलस्तर 79 मीटर के नीचे जाने के बाद कटान रुकेगी। सिंचाई विभाग के अभियंता पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि जलस्तर में तेेजी से कमी हो रही है। बृहस्पतिवार तक प्रभावित गांवों से पानी चला जाएगा। पांच सेमी प्रति घंटे जलस्तर घट रहा है। जिले की तीनों तहसीलों में ज्ञानपुर में बाढ़ ने अधिक दिक्कत पैदा की। यहां के 26 गांव प्रभावित हुए। इसमें छेंछुआ उपरवार, छेंछुआ तरी, इटहरा उपरवार, इटहरा तरी, मवैयाथानसिंह उपरवार, मवैयाथानसिंह तरी, भुर्रा उपरवार, कलिक मवैया उपरवार, नारेपार, फुलवरिया, डीघ, डीघ तरी, बनकट उपरवार, बारीपुर उपरवार, सेमराध उपरवार, पुरवा उपरवार, अमिलौर उपरवार, गोपालपुर उपरवार, इब्राहिमपुर उपरवार, टेढ़ी उपरवार, हरिरामपुर उपरवार, चकिया उपरवार, कलिंजरा उपरवार, गोपालपुर उपरवार, बेरासपुर उपरवार, बिहरोजपुर उपरवार शामिल हैं। आबादी प्रभावित गांव में छेछुआ उपरवार, इटहरा उपरवार और अमिलौर उपरवार गांव है। डीएम के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित गांव में टीमें अलर्ट मोड में है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छेछुआ, इटहरा और अमिलौर में जरूरी दवाओं का छिड़काव करने के साथ ही राहत शिविर में मौजूद लोगों को दवाएं वितरित की। इसके अलावा राजस्व विभाग की ओर से खान-पान का सामान दिया गया।

रामपुर गंगा घाट पर सीढ़ियों को छोड़ता पानी। संवाद- फोटो : BHADOHI