ज्ञानपुर। वैश्विक महामारी-कोविड-19 में मुख्यमंत्री फलोद्योयान योजना रोजगार ही नहीं बल्कि लाभपरक भी साबित होने से अब उद्यान विभाग अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अंतिम पड़ाव पर पहुंच रहा है। उक्त योजना को प्रदेश भर में एक साथ लागू कर जिलेवार उद्यान विभाग को जिम्मेदारी देकर जनपद में 60 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें बागवानी कराई जाएगी। अहम बात यह है कि योजना उन्हीं लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाना है जिनके पास मनरेगा जॉबकार्ड होगा।
विभागीय उठापटक के बाद योजना से जुड़ने वालों के लिए ब्लॉक से फौरी तौर पर जॉबकार्ड बनाने का कार्य शुरू होते ही योजना सुगम हो गई। उद्यान अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि 68 हेक्टेयर के सापेक्ष 45 हेक्टेयर में अमरूद, आंवला, आम आदि लगाकर 215 लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है तथा मनरेगा के तहत लगभग दो लाख रुपये की मजदूरी भी खाते में भेज दी गई है। पेड़ों का चयनित स्थानों पर 6-6 फीट की दूरी पर प्रति गड्ढा खोदाई 100 रुपये निर्धारित है। जैसे-जैसे लाभार्थियों की संख्या बढ़ रही है वैसे-वैसे लक्ष्य भी पूरा हो रहा है। हालांकि ग्रामीण जॉब कार्ड धारकों के पास कार्ड तो है लेकिन लॉकडाउन में अन्य प्रदेशों से लौटे प्रवासियों के पास कार्ड की अनुपलब्धता लक्ष्य हासिल करने में समस्या बनी हुई है।