भदोही। भदोही नगर के कारपेट सिटी विद्युत उपकेंद्र की क्षमता पांच एमवीए से 10 एमवीए बढ़ाने के लिए बुधवार को दिनभर वहां विद्युत कर्मी काम में लगे रहे। इसके चलते सुबह नौ बजे से रात्रि नौ बजे तक कारपेट सिटी उपकेंद्र के सभी तीन फीडरों से जुड़े इलाकों की आपूर्ति बाधित रही। भीषण कटौती से उमस और गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि लोगों के लिए एक बात अच्छी रही कि उपकेंद्र की क्षमता बढ़ जाने से उनकी आपूर्ति व्यवस्था बेहतर हो जाएगी।
अवर अभियंता ज्योति प्रकाश ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते उपकेंद्र के औद्योगिक, जमुनीपुर और देहात फीडरों की आपूर्ति बंद करनी पड़ी। बताया अब तक क्षमता पांच एमवीए थी, जिसे बढ़ाकर 10 एमवीए किया गया है। इससे उपकेंद्र अधिक विद्युत भार सहन कर सकेगा। और लोगों को बेहतर बिजली मिलेगी। बताया कि कुछ काम बाकी है जो गुरूवार को खत्म कर लिया जाएगा। उधर दिन भर काम होने से नूरखांपुर, बाजार सलाबत खां, घमहांपुर, जमुनीपुर, चौरी रोड, मथुरापुर, मई छितिउना, सोनहर, कुकरौठी, महबूबपुर, अभयनपुर, अहमदपुर फुलवरिया आदि गावों में दिन भर बिजली नहीं रही। लोगों ने बताया कि उनके इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए। लोग मोबाइल चार्ज करने के लिए तरस गए। इसके अलावा गर्मी और उमस से लोग परेशान हो गए।