वाराणसी में चालक की हत्या कर ट्रक लूटने वाला भदोही से गिरफ्तार, तीन फरार
वाराणसी में हाईवे स्थित नुआव में बदमाशों ने शनिवार की रात ट्रक चालक की हत्या कर करीब एक करोड़ रुपये का काजू लदा ट्रक लूट लिया था। आंध्र प्रदेश के प्लासा से गोरखपुर के लिए काजू लदा ट्रक लेकर चालक निकला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के लंका क्षेत्र में नुआव के पास हाइवे पर ट्रक चालक की हत्या कर काजू लदे ट्रक लूट के मामले में भदोही पुलिस ने रविवार की रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने काजू लदा ट्रक भी बरामद कर लिया है। बरामद काजू और ट्रक की कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये है। ट्रक आंध्र प्रदेश से गोरखपुर जा रहा था।
पुलिस लाइन में प्रेस कान्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि भदोही कोतवाली क्षेत्र में एक किसान की हत्या के मामले में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी थी। उसी दौरान चौरी थाना क्षेत्र के धनापुर तिराहा कंधिया फाटक के पास से एक ट्रक दिखा।
पुलिस को देखकर ट्रक में सवार कुछ लोग भाग गए, लेकिन अमृत लाल यादव निवासी ग्राम छनौरा थाना दुर्गागंज जिला भदोही को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान अमृत लाल ने बताया कि ट्रक लूटने और चालक की हत्या करने के मामले में उसके साथ तीन और लोग शामिल थे।
उनमें पवन कुमार गौड़ निवासी छनौरा थाना दुर्गागंज, प्रधानपति राजेश बिंद उर्फ खेतई निवासी छनौरा थाना दुर्गागंज व अर्जुनपुर निवासी पाल शामिल है। बताया कि ट्रक चालक ओम प्रकाश उसका पूर्व परिचित था। उससे फोन पर मिलने की बात हुई थी।
डाफी टोल प्लाजा के पास मिलने पर पवन ने ओम प्रकाश को शराब पीने की पेशकश की तो वह तैयार हो गया। सभी ने साथ बैठकर शराब पी कुछ देर के बाद जब वह नशे में हो गया तो नुआव गांव के पास सुनसान देखकर ओम प्रकाश को ट्रक से नीचे गिरा दिया और उसी ट्रक से उसे कुचल डाला।
इसके बाद सभी माल सहित ट्रक लेकर जा रहे थे कि कंधिया फाटक के पास पकड़ लिए गए। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 10 चक्का ट्रक कीमत करीब 30 लाख, 925 कार्टून काजू कीमत करीब एक करोड़ बरामद हुआ। पुलिस टीम में स्वाट टीम प्रभारी विनोद दुबे, प्रभारी सर्विलांस टीम बृजेश सिंह आदि शामिल थे। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।