UP: फेसबुक पर प्यार...किशोरी का अपहरण कर एक लाख 10 हजार में सौदा, महिला समेत चार अरेस्ट; जानें मामला
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में किशोरी को बेचने का मामला सामने आया है। इसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अभियुक्त भाग निकला। किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया गया था।
विस्तार
कोतवाली पुलिस ने किशोरी का अपहरण कर एक लाख 10 हजार रुपये में सौदा करने वाली महिला समेत आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी में से एक ने नाबालिग को प्यार के जाल में फंसाकर भगाया। उसके बाद अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसे लेकर मेरठ के रोहटा ख्वाजमपुर माजरा निवासी आकाश गुप्ता को सौंप दिया। बीते 10 नवंबर को आकाश के घर बकाया पैसा लेने पहुंचे थे। इस बीच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 15 अक्तूबर को ज्ञानपुर कोतवाली के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी अपने पिता को काम की बात करके निकली थी, लेकिन घर नहीं लौंटी। पिता की तहरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। जांच में सामने आया कि किशोरी सोशल मीडिया पर रोहताश बावरिया निवासी मांडा प्रागपुरा, कोटपुतली राजस्थान के साथ संपर्क में थी।
पुलिस ने की कार्रवाई
बताया कि रोहताश उसे अपने प्यार की जाल में फंसाकर ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो उसने बताया कि उसने नाबालिग को पूरेझम्मन गोपीगंज निवासी संतोष यादव को सौंप दिया।
वहां से संतोष उसे लेकर ग्वालियर पहुंचा और वहां तीन दिनों तक रहा और वहां से नाबालिग को लेकर मेरठ पहुंचा। जहां उसने पहले से बातचीत के आधार पर किशोरी को घोसीपुरा, बिजनौर, नजीबाबाद निवासी उषा देवी को सौंपा और दोनों अमरदीप निवासी सैनिक बिहार बाना कंकरखेड़, मेरठ के पास पहुंचे। यहां तीनों लोग नाबालिग को लेकर बाजमपुर माजरा, रोहटा, मेरठ पहुंचे और आकाश गुप्ता को सौंप दिया।
एक अभियुक्त भागा
इधर पुलिस जांच में लगी थी। नाबालिग का सौदा एक लाख 10 हजार रुपये में किया गया था। जिसमें कुछ पैसा आकाश ने नहीं दिया। बीते 10 नवंबर को बकाया पैसा को लेने के लिए उषा देवी व संतोष पहुंचे थे। इस बीच पुलिस ने दोनों के साथ नाबालिग को खरीदने वाले आकाश को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके से नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। एसपी ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार का ईनाम देने की घोषणा की है।
शादी के इरादे से नाबालिग को खरीदा
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि रोहताश के बहकावे में आकर नाबालिग फरार हो गई। जिसके बाद सबने मिलकर उसे आकाश को बेंच दिया। बताया कि नाबालिग के सौदे का मुख्य उद्देश्य उसके साथ शादी करना था। आकाश नाबालिग का खरीदार था और नाबालिग से शादी करने की तैयारी में था।
नाबालिग की मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ नाबालिग का सौदा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इनके अन्य गतिविधियों की तलाश की जा रही है। अब तक की जांच में कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। फरार अमरदीप की तलाश की जा रही है। - अभिमन्यु मांगलिक, पुलिस अधीक्षक।