National Teachers Award: शिक्षक रामलाल ने अपने बच्चों का नाम सरकारी स्कूल में लिखवाया, दिया खास संदेश
शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित तीन इंटरव्यू समेत 45 पैरामीटर में खरा उतरने के बाद रामलाल सिंह यादव राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित हुए हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल कराया है।
विस्तार
ब्लॉक संसाधन केंद्र ज्ञानपुर के बड़वापुर कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामलाल सिंह यादव राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित होंगे। देशभर के 45 और यूपी के दो शिक्षकों में इनका भी चयन हुआ है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित तीन इंटरव्यू समेत 45 पैरामीटर में खरा उतरने के बाद चयनित हुए रामलाल यादव पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होंगे।
रामलाल सिंह यादव ने बताया कि शिक्षक और बच्चों के सहयोग से ही उन्हें यह पुरस्कार प्राप्त हो सका है। अब तक 16 वर्षों के अपने शैक्षिक जीवन में वे प्राथमिक विद्यालय श्रीपुर, प्राथमिक विद्यालय चितईपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़वापुर के बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल करा चुके हैं।
इसे भी पढ़ें; UP News: प्रिंसिपल मधुरिमा के स्कूल में कॉन्वेंट की तरह होती है पढ़ाई, बच्चों का नामांकन 92 से पहुंचा 352
मूल रूप से गाजीपुर के भाला खुर्द गांव निवासी रामलाल यादव ने 23 दिसंबर 2009 को प्राथमिक विद्यालय श्रीपुर में सहायक अध्यापक के रूप में अपनी सेवा आरंभ किया। इसके बाद सात जुलाई 2011 को चितईपुर विद्यालय में इनकी नियुक्ति हुई। 15 नवंबर 2014 को उन्होंने स्मार्ट क्लास की स्थापना कर इसे जिले का पहला स्मार्ट विद्यालय बनाया।
12 मई 2015 को प्रधानाध्यापक पद ग्रहण करने के बाद विद्यालय की अनेक चुनौतियों को अवसर में बदला। इनके प्रयासों का असर रहा कि इनके विद्यालय को 2022 में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार प्राप्त हुआ।