विधायक के आवास पर युवती का सुसाइड: दीवार पर बने थे दो दिल, एक में लिखा था N; दूसरा था खाली
भदोही में विधायक के आवास पर युवती की आत्महत्या का मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन जिस कमरे में वह रहती थी वहां दिल का सिंबल जरूर मिला। अब उसी को आधार मानकर आत्महत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है।
विस्तार
भदोही विधायक जाहिद बेग के आवास पर तीसरी मंजिल के कमरे में आत्महत्या करने वाली युवती ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। लेकिन युवती के कमरे से मिली दो दिल की आकृति कई सवाल खड़े कर रही है।
भदोही विधायक के आवास की तीसरी मंजिल पर स्थित जिस कमरे में नाजिया ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या की। उसकी ऊंचाई केवल साढ़े सात से आठ फीट है। कमरे में रखी सफेद रंग की कुर्सी के सहारे युवती ने पंखे की कुंडी पर दुपट्टे से फंदा बनाया और झूल गई।
पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन कमरे में एंट्री करते ही ठीक सामने की दीवार पर दिल के दो सिंबल बने मिले। एक दिल के सिंबल पर एन (N) लिखा गया था। वहीं दूसरा दिल का सिंबल खाली था। इसके अलावा दोनों दिल के सिंबल के पास गुलाब का फूल भी बनाया गया था। कमरे में एक मोबाइल फोन भी मिला है।
कमरे की दीवार पर बने इस सिंबल से आत्महत्या की वजह तलाशी जा रही है। हालांकि पुलिस या परिजनों की ओर से आत्महत्या जैसे कदम को उठाने को लेकर कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डीआईजी आरपी सिंह, एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन समेत अन्य अधिकारियों ने जांच की। संबंधित को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुनकर पिता और मां के नहीं थम रहे आंसू
मृतक नाजिया के पिता इमरान शेख बुनकर हैं। गरीवी के कारण बच्ची विधायक के यहां काम करती थी। बातचीत में इमरान ने बताया कि बीते दस सालों से बेटी विधायक के यहां काम कर रही थी, लेकिन कभी कुछ शिकायत नहीं मिली। बेटी ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठा लिया। यह उन्हें भी नहीं समझ आ रहा है। बेटी की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह दो दिन पहले ही उससे मुलाकात कर लौटी थी। उसे नहीं पता था कि बेटी से यह उनकी आखिरी मुलाकात है।