नगरीय क्षेत्रों में पथ प्रकाश की व्यवस्था मुकम्मल नहीं है। पांच नगर पंचायत और दो नगर पालिका क्षेत्र में कुल मिलाकर 100 से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। ऐसे में रात के समय जरूरी काम से आवागमन करने वालों को दिक्कतें आ रही हैं। जहां इसे लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है तो वहीं अधिकारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं।
जिले के पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, घोसिया, खमरिया, सुरियावां और नई बाजार, दो नगर पालिका भदोही और गोपीगंज में कुल मिलाकर करीब ढाई लाख की आबादी है। इन शहरों में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग दूसरे शहरों से भी आते हैं। रात में आवागमन में दिक्कत न हो इसलिए नगर पंचायत और नगर पालिका प्रशासन ने लाखों रुपये की लागत वे स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लगवाया है, लेकिन देखरेख के अभाव में कई जगह की स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। ऐसे में रात के समय उस मार्ग पर अंधेरा रहता है। आवागमन करने में सबसे ज्यादा दिक्कत पैदल व साइकिल सवारों को होती है। बारिश के दिनों में दिक्कत और बढ़ जाती है। ज्ञानपुर में हरिहरनाथ मंदिर, गोपीगंज रोड, जिला मुख्यालय जाने वाले मार्ग की लाइटें खराब हैं। सुरियावां के रामबाग, अशोक नगर, मलेपुर, आंबेडकर नगर में कुछ लाइटें खराब हैं। जबकि शाम होते ही अंधेरा होने से छिनैती की घटनाओं से लोग दहशत में रहते हैं। उधर, नगर पंचायत और नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।