ज्ञानपुर। जिले में 23 जनवरी को 19 केंद्रों पर होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा पर एसटीएफ की नजर रहेगी। शिक्षा माफिया, साल्वर गैंग के सदस्यों से लेकर डीआईओएस कार्यालय के लिपिकों तक के नंबर को सर्विलांस पर रखा गया है। जिनके नंबर संदिग्ध गतिविधि होते ही उन पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। नवंबर में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा पेपर लीक होने से निरस्त हो गई थी। अब 23 जनवरी को दुबारा परीक्षा कराई जानी है। जिसको लेकर शिक्षा विभाग, पुलिस महकमें से लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होने वाली परीक्षा को पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक से लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की जा रही है। अबकी बार होने वाली परीक्षा में एसटीएफ की पूरी घेराबंदी की गई है। पेपरलीक से जुड़े सदस्यों से लेकर शिक्षा माफियाओं और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के लिपिकों तक के नंबर को सर्विलांस पर रखा गया है। उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। 23 जनवरी को प्रथम पाली में कुल 19 केंद्रों पर प्राथमिक स्तर की पात्रता परीक्षा 10,273 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे तो द्वितीय पाली में पूर्व माध्यमिक स्तर की परीक्षा 13 केंद्रों पर होगी। इसमें 6308 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने बताया कि परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। जिले की तीनों तहसीलों में कुल 19 केंद्र निर्धारित हैं। इसमें काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर, केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई,श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय भदोही, विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज ज्ञानपुर, इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कालेज भदोही, भदोही गर्ल्स इंटर कालेज भदोही, महर्षि शिवव्रतलाल इंटर कालेज, राधास्वामी धाम,सेवा सदन इंटर कालेज मोढ़, सुरियावां, रामसंजीवन लाल इंटर कालेज, काशिराज महाविद्यालय इंटर कालेज औराई, इंटरमीडिएट कालेज बाबूसराय, गुलाबधर मिश्र इंटर कालेज गोपीगंज, ज्ञानदेवी बालिका इंटर कालेज भदोही, जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज गोपीगंज, रामदेव पीजी कालेज जंगीगंज, रामदेव पीजी कालेज जंगीगंज, वुडवर्ड पब्लिक स्कूल भदोही, ग्रीन व्यू पब्लिक स्कूल स्टेशन रोड भदोही आदि केंद्र शामिल हैं। एसपी भदोही डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रो पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगी। परीक्षा को लेकर जिला अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल है। जिसके मद्देनजर संदिग्ध शिक्षा माफिया, साल्वर गैंग से जुड़े सदस्यों और लिपिकों के नंबर सर्विलांस पर रखे गए हैं।