ज्ञानपुर। निकायों में चिन्हित वेडिंग जोन में दुकानें लगाने के लिए बुधवार को नगर पंचायत ज्ञानपुर और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने संयुक्त रूप से पदयात्रा निकालकर दुकानदारों को जागरूक किया। सुबह 10 बजे से निकली गई यात्रा ज्ञानसरोवर, शीतल पाल चौराहा, प्रोफेसर कालोनी तिराहा, जिला अस्पताल-पुरानी बाजार रोड, दुर्गागंज रोड तिराहा, रजिस्ट्री कार्यालय स्थित बाजारों का भ्रमण किया। सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडेय ने पद यात्रा के दौरान रेहड़ी, पटरी, ठेला, खोमचे में दुकान सजाकर बैठने वालों को आगाह किया कि सरकार उन्हें उचित स्थान देकर जीविकोपार्जन का मार्ग प्रशस्त कर रही है। इसका शतप्रतिशत पालन करने से नये स्थान वाले बाजार को नई पहचान दी जा सकेगी। एक ही स्थान पर सभी तरह के सामान की उपलब्धता होने से ग्राहकों की रुचि भी बढ़ेगी और पथ आजीविका अधिनियम अंतर्गत अब शुद्ध पेयजल, शौचालय की सुविधा भी बढ़ाई जा रही है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएन त्रिपाठी ने कहा कि नगर में 20 से अधिक दुकानदारों को चिन्हित कर उनके लिए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के पास वेंडिंग जोन बनाया गया है। चिन्हित स्थान पर दुकान लगाने की बाध्यता भी की जाएगी। बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय स्वास्थ्य और खाद्य सामानों की जांच भी कराई जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से आधुनिक लैबयुक्त वाहन की उपलब्धता हो चुकी है। वेडिंग जोन में दुकान न लगाने वालों को सीओ उमेश्वर सिंह ने हिदायत दी। टीम में ज्ञानेंद्रपाल सिंह चंदेल, जेपी गुप्ता, रमेश कुमार समेत नगर पंचायत कर्मी, पुलिस के जवान शामिल रहे।