ज्ञानपुर। मौसम में बदलाव होने के कारण विभिन्न अस्पतालों में त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में सप्ताह भर में 20 फीसदी मरीज ओपीडी में बढ़े हैं। अब 60 के बजाय 80 मरीजों की ओपीडी हो रही है। उमस भरे मौसम और दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से बढ़ी नमी को चिकित्सक इसका मुख्य कारण मान रहे हैं।
जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय मौर्या ने बताया कि मौसम परिवर्तन हुआ है। कुछ दिन पहले तक अत्यधिक उमस थी। अब बारिश का सिलसिला शुरू होने से हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ा है। यह नमी त्वचा पर फंगल संक्रमण और अन्य समस्याओं को बढ़ावा दे रही है। ओपीडी में दाद, खाज-खुजली और विभिन्न प्रकार की एलर्जी के मामले आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों को त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली और जलन जैसी शिकायतें हो रही हैं। अस्पताल में त्वचा रोग विभाग पर मरीजों का दबाव काफी बढ़ गया है। जिला अस्पताल में रोजाना 800 के करीब ओपीडी होती है। इसमें एक सप्ताह पहले ओपीडी में त्वचा रोग से पीड़ित 60 मरीज आते थे, अब यह संख्या 80 के पार पहुंच गई है।