ज्ञानपुर। प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे दिव्यांग बच्चों को अब विद्यालय पहुंचने से लेकर अपने दैनिक कार्यों को संपन्न करने में दिक्कत नहीं आएगी। उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। ताकि उन्हें सुविधा हो सके। इसके लिए कुल 216 दिव्यांग बच्चों का चयन किया गया है।
इन्हें जरूरत के अनुरूप ट्राइसाइकिल, व्हील चेयर, कान की मशीन व अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें एक लाख 33 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। परिषदीय स्कूलों में करीब 2200 विभिन्न कटेगरी के दिव्यांग बच्चे भी पढ़ते हैं। बच्चों की शिक्षा व सुविधा के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए नि:शुल्क पुस्तकों के साथ यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग व स्वेटर आदि की खरीद के लिए 1200 रुपये की धनराशि अभिभावक के खाते में दी जा रही है। इसी तरह दिव्यांग बच्चों को विद्यालय पहुंचने व दैनिक कार्यों को संपन्न करने में दिक्कत न हो, इसके लिए सर्व शिक्षा अभियान समेकित शिक्षा के तहत सहायक अंग उपकरण उपलब्ध कराने की योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत ब्लाॅक स्तर पर मेजरमेंट शिविर लगाकर 216 बच्चों का चयन किया गया है। ताकि उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि सभी छह ब्लॉकों में 216 बच्चों का चयन किया गया है। जल्दी ही शिविर लगाकर दिव्यांग बच्चों को उपकरण दिए जाएंगे।